Highlights of Budget 2017 in Personal Income Tax Front – Except 5% reduction in Income Tax in respect of Income coming under Income Slab between Rs. 2.5 lakh to Rs. 5.0 lakh no major changes have been effected in Budget presented on 1st February 2017

नई दिल्ली.अरुण जेटली ने आम बजट में इनकम टैक्स को घटाने का एलान किया है। पहले ढाई लाख रुपए तक की इनकम पर कोई टैक्स नहीं लगता था। अब आपकी सालाना इनकम 3 लाख रुपए है तो टैक्स नहीं देना होगा। तीन से पांच लाख रुपए की इनकम पर पहले 10% टैक्स लगता था। अब यह आधा यानी 5% ही लगेगा। 5 से 10 लाख रुपए के स्लैब में टैक्स रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन्वेस्टमेंट दिखाने के बाद 5 लाख रुपए तक की इनकम वालों को सालाना 12500 रुपए का फायदा मिल सकता है। कितना बदला इनकम टैक्स स्लैब…
पहले ये थी टैक्स स्लैब
2.5 लाख रुपए तक कोई टैक्स नहीं लगता था।
2.5 से 5 लाख रुपए की इनकम पर 10% टैक्स लगता था।
5 से 10 लाख रुपए की इनकम पर 20% टैक्स लगता था।
10 लाख रुपए से ज्यादा की इनकम पर 30% टैक्स लगता था।
– सभी स्लैब में इनकम टैक्स पर 3% एजुकेशन सेस भी लगता था।
अब ऐसी होगी टैक्स स्लैब
3 लाख रुपए तक कोई टैक्स नहीं लगेगा।
3 से 3.5 लाख रुपए की इनकम पर 2500 रुपए टैक्स लगेगा।
3 से 5 लाख रुपए की इनकम पर 5% टैक्स।
5 से 10 लाख रुपए तक 20% टैक्स।
10 लाख रुपए से ज्यादा इनकम पर 30% टैक्स।
सुपर रिच के लिए कितना टैक्स
– जेटली ने कहा कि 50 लाख से 1 करोड़ रुपए की सालाना इनकम रखने वालों को 30% टैक्स पर 10% सरचार्ज देना होगा।
– वहीं, 1 करोड़ से ज्यादा की इनकम पर 30% टैक्स पर 15% सरचार्ज लगेगा।
टैक्स स्लैब में बदलाव से कितनी मिलेगी राहत?
– सालाना 3 लाख की इनकम पर पहले 3090 रुपए टैक्स लगता था। अब कुछ नहीं देना होगा।
– सालाना 5 लाख की इनकम पर पहले 23,690 रुपए टैक्स लगता था। अब 12,875 रुपए टैक्स लगेगा। यानी 10,815 रुपए का आपको फायदा है।
– सालाना 10 लाख की इनकम पर पहले 1,28,750 रुपए टैक्स देना होता था। अब 1,15,875 रु. देना होंगे। यानी आपको 12,875 रुपए की बचत होगी।
नोटबंदी के दौरान बड़ी रकम जमा हुई, फिर भी टैक्स नहीं देती हमारी सोसायटी
– जेटली ने बजट स्पीच में कहा कि भारत बड़े पैमाने पर टैक्स नहीं देने वाली सोसायटी है। जो लोग टैक्स नहीं देते वे ईमानदारी से टैक्स भरने वालों का अपमान करते हैं।
– उन्होंने कहा कि पिछले साल नोटबंदी के बाद 1.09 करोड़ बैंक खातों में 2 लाख से 80 लाख रुपए तक का डिपॉजिट हुआ। एवरेज डिपॉजिट 5 लाख रुपए था। 1.48 करोड़ बैंक खाते ऐसे सामने आए जिनमें 80 लाख रुपए से ज्यादा की रकम जमा हुई। हर खाते में एवरेज 3.31 करोड़ रुपए नोटबंदी के दौरान जमा हुए।
– जेटली ने बताया कि देशभर में 76 लाख लोग ही ऐसे हैं जिन्होंने अपनी इनकम 5 लाख रुपए से ज्यादा बताई है। इनमें से भी 56 लाख लोग सैलरीड हैं।
Source:- Bhaskar